सहकारिता प्रशिक्षण केंद्र, फूदी, राँची में पैक्स का चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न
सहकारिता प्रशिक्षण केंद्र, फूदी, राँची में बोकारो जिले के चास अंचल एवं बेरमो-तेनुघाट अंचल से आए पैक्स (MPCS) के अध्यक्षों, सचिवों एवं सदस्यों के लिए आयोजित चार दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का 05 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 02 नवंबर से 05 नवंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 32 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पैक्स एवं लैम्पस की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना, सहकारी समितियों के प्रबंधन को मजबूत करना तथा कंप्यूटरीकरण के माध्यम से उन्हें डिजिटल एवं पारदर्शी व्यवस्था से जोड़ना था।
प्रशिक्षण के प्रमुख विषय
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सहकारिता अधिनियम, वित्तीय प्रबंधन, ऑडिट, टैक्स ऑडिट एवं अभिलेखों के रखरखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। इसके अलावा बिरसा फसल बीमा योजना, धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया एवं किसानों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं में पैक्स और लैम्पस की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
डिजिटल सशक्तिकरण के तहत ईआरपी (ERP) मॉड्यूल, एनडीसी (NCD), आरसीएस (RCS) पोर्टल एवं कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि प्रतिभागी अपनी समितियों में आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें।
प्रशिक्षण के अंतर्गत एक दिवसीय अध्ययन भ्रमण भी आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने राँची के होटवार स्थित झारखण्ड मिल्क फेडरेशन लिमिटेड (JMF) का भ्रमण किया। यहाँ उन्हें दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी के साथ डेयरी क्षेत्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।
ग्रामीण सहकारिता को मिलेगी नई दिशा
चार दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्रतिभागियों की प्रबंधकीय एवं तकनीकी क्षमता को विकसित करने में सहायता मिली। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान से पैक्स एवं लैम्पस के कामकाज में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी तथा किसानों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
यह प्रशिक्षण ग्रामीण सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने, डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।



